सभी बच्चों को शिक्षित करने के लक्ष्य के साथ बढ़ रहे हैं आगे : सीएम हेमंतl

Spread the love

Ranchi : दिशोम गुरु शिबू सोरेन की 82वीं जयंती के अवसर पर टाना भगत इंडोर स्टेडियम, खेलगांव रांची में गुरुजी स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड योजना के सफल क्रियान्वयन को लेकर संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह पहली जयंती है, जब दिशोम गुरु हमारे बीच शारीरिक रूप से मौजूद नहीं हैं, लेकिन उनके आदर्श, विचार, संघर्ष, त्याग और बलिदान हमेशा जीवित रहेंगे। उन्होंने युवाओं से कहा कि हम गुरुजी के सिपाही हैं। सीएम हेमंत सोरेन ने युवाओं से सीधा संवाद करते हुए शिक्षा, भागीदारी और राज्य निर्माण की जिम्मेदारी पर जोर दिया। आप एक कदम आगे बढ़िए, सरकार आपको दस कदम आगे ले जाएगी। यह हमारा वादा है।

गुरुजी की एक आवाज पर सड़कों पर उतर आता था समाजl

सीएम हेमंत ने कहा कि झारखंड वीर शहीदों की धरती है। भगवान बिरसा मुंडा, सिदो-कान्हू जैसे महापुरुषों की परंपरा में दिशोम गुरु शिबू सोरेन का योगदान ऐतिहासिक रहा है। उन्होंने अलग राज्य आंदोलन को दिशा दी और महाजनी प्रथा जैसी कुरीतियों के खिलाफ समाज को खड़ा किया। लोगों को उनके हक और अधिकार दिलाने के लिए उन्होंने पूरा जीवन समर्पित कर दिया।

झारखंड में संभावनाओं और प्रतिभाओं की कमी नहीं l

सीएम हेमंत ने कहा कि झारखंड में गांव से शहर तक अपार संभावनाएं हैं। खनिज, पर्यटन, शिक्षा, खेल हर क्षेत्र में राज्य आगे बढ़ सकता है। सरकार का काम है कि इन क्षमताओं को मजबूत मंच मिले, और यही दिशा में लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। यहां की प्रतिभाओं ने देश और दुनिया में नाम किया है।

अग्रणी राज्य बनने के लिए युवाओं की सहभागिता जरूरी l

मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारे पूर्वजों ने संघर्ष कर अलग राज्य दिया। अब उसे संवारने और आगे बढ़ाने की जिम्मेदारी हम सबकी है। केवल सरकार के भरोसे राज्य आगे नहीं बढ़ सकता। युवाओं को सहभागी बनना होगा और योजनाओं को लोगों तक पहुंचाने में अपनी भूमिका निभानी होगी।

शिक्षा को बनाया विकास की धुरी l

सीएम हेमंत ने कहा कि सरकार का लक्ष्य है कि राज्य का हर बच्चा शिक्षित हो। इसी सोच के तहत गुरुजी स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड योजना l आज आदिवासी और दलित समाज के बच्चे विदेश जाकर पढ़ाई कर रहे हैं, जो पहले सपना लगता था।विदेश में उच्च शिक्षा के लिए शत प्रतिशत स्कॉलरशिप, जिलों में बड़े पुस्तकालय और मुख्यमंत्री उत्कृष्ट विद्यालय शुरू किए गए हैं।

15 लाख तक शिक्षा ऋण, वह भी मामूली ब्याज पर l

मुख्यमंत्री ने बताया कि झारखंड देश का पहला राज्य है, जहां गुरुजी स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड योजना के तहत केवल 4 प्रतिशत ब्याज दर पर 15 लाख रुपये तक का शिक्षा ऋण दिया जा रहा है। अन्य राज्यों की तुलना में यह योजना छात्रों के लिए कहीं अधिक लाभकारी है। उन्होंने छात्रों से इस योजना का लाभ लेने और दूसरों को भी जोड़ने की अपील की।

सिर्फ सरकारी नौकरी तक सीमित नहीं है सोच l

सीएम हेमंत ने युवाओं से कहा कि सरकार आपको केवल सरकारी नौकरी के भरोसे खड़ा नहीं करना चाहती , इसके लिए सरकार ऐसे रास्ते बना रही है, जहां आपकी प्रतिभा और क्षमता का पूरा उपयोग हो सके। लक्ष्य यह है कि आप देश और दुनिया की किसी भी प्रतिस्पर्धा में खुद को साबित कर सकें।

कार्यक्रम में मिली कई अहम सौगातें l

कार्यक्रम में मिली कई अहम सौगातेंकार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने कई योजनाओं और पहलों की शुरुआत की। गुरुजी स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड योजना के तहत 55 छात्रों को करीब 12 करोड़ रुपये के शिक्षा ऋण स्वीकृति पत्र दिए गए। अब तक इस योजना से 2430 छात्र लाभान्वित हो चुके हैं। सरकारी योजनाओं की निगरानी के लिए पब्लिक डैशबोर्ड और एनआईटी जमशेदपुर द्वारा विकसित एआई आधारित चैटबॉट का शुभारंभ किया गया। सीएम फेलोशिप एकेडमिक एक्सीलेंस योजना के तहत 23 रिसर्च स्कॉलर्स को 25-25 हजार रुपये की मासिक छात्रवृत्ति प्रदान की गई। ग्रास रूट इनोवेशन इंटर्नशिप स्कीम की शुरुआत की गई, जिसके तहत 17 हजार छात्रों को इंटर्नशिप और 10 हजार रुपये का स्टाइपेंड मिलेगा। बोकारो में मास्टर सोबरेन मांझी जिला पुस्तकालय और गुरुजी रात्रि पाठशाला की शुरुआत की गई। बोकारो के चास क्षेत्र में बुजुर्गों के लिए गुरुजी वाटिका का ऑनलाइन शुभारंभ किया गया।

लाभार्थियों ने जताया आभार l

आईआईआईटी रांची के छात्र सुखदेव महतो ने कहा कि इस योजना से उनके डॉक्टरेट का सपना साकार हो रहा है। एक्सआईएसएस रांची की छात्रा ऋषिका ने कहा कि गुरुजी स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड योजना ने पढ़ाई का आर्थिक बोझ खत्म किया और आत्मविश्वास बढ़ाया। कार्यक्रम में उच्च शिक्षा मंत्री सुदिव्य कुमार, विधायक सुरेश कुमार बैठा, राज्यसभा सांसद महुआ माजी, मुख्य सचिव अविनाश कुमार, डीजीपी तदाशा मिश्रा सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं और अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *