Ranchi : निर्वाचन से जुड़े अंतर्राष्ट्रीय सम्मेलन की तैयारियों को लेकर मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी रवि कुमार ने बुधवार को निर्वाचन सदन में शिक्षाविदों के साथ बैठक की।उन्होंने बताया कि अंतर्राष्ट्रीय सम्मेलन में वे मतदाता पंजीकरण और मतदाता सूची से जुड़े विषयों पर व्याख्यान देंगे, जिसके लिए अकादमिक विशेषज्ञों के सुझाव लिए जा रहे हैं l
इस बैठक का उद्देश्य आगामी अंतर्राष्ट्रीय कार्यशाला में होने वाले व्याख्यान को वैश्विक मानकों के अनुरूप प्रभावी बनाना था।
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने कहा कि झारखंड के शैक्षणिक संस्थानों का निर्वाचन कार्यों में हमेशा महत्वपूर्ण योगदान रहा है.
बैठक में राज्य के विभिन्न प्रतिष्ठित शैक्षणिक संस्थानों के विषय विशेषज्ञों ने भाग लिया और प्रस्तुतीकरण को बेहतर बनाने के लिए अपने विचार साझा किए , इसमें सेंट जेवियर्स कॉलेज, नेशनल यूनिवर्सिटी ऑफ स्टडी एंड रिसर्च इन लॉ, केंद्रीय विश्वविद्यालय झारखंड और एमिटी यूनिवर्सिटी के शिक्षक शामिल थे l
इस अवसर पर मुख्य निर्वाचन कार्यालय के नोडल पदाधिकारी देव दास दत्ता और उप निर्वाचन पदाधिकारी धीरज कुमार ठाकुर भी मौजूद थे। बैठक में अंतर्राष्ट्रीय सम्मेलन की तैयारी को लेकर विस्तृत चर्चा की गई l
