पटना : नीट पेपर लीक मामले में सीबीआई को दो आरोपियों की रिमांड मिली है | बुधवार को विशेष अदालत में सीबीआई की अर्जी पर सुनवाई करते हुए न्यायिक दंडाधिकारी हर्षवर्द्धन सिंह ने आरोपी चिंटू और मुकेश की रिमांड अर्जी स्वीकार कर ली | दोनों आरोपियों से तीन दिन सीबीआई रिमांड पर लेकर पूछताछ करेगी | कोर्ट ने यह फैसला सीबीआई वकील की राय सुनने के बाद दिया है | बता दें कि पेपर लीक मामले ने सीबीआई ने मंगलवार को अर्जी दाखिल की थी | इससे पहले मंगलवार को सीबीआई ने विशेष अदालत में अपनी एफआईआर दाखिल की थी | सीबीआई ने यह एफआईआर पटना के शास्त्री नगर थाने में दर्ज एफआईआर के आधार पर दर्ज की है | सीबीआई द्वारा दर्ज की गई एफआईआर में आठ लोगों को नामित किया गया है, जबकि एक अन्य को आरोपित किया गया है | एफआईआर में जिन लोगों के नाम हैं उनमें अमित आनंद, आयुष राज, नीतीश कुमार, राकी, अखिलेश, सिकंदर यादवेंदु, बिट्टू, संजीव और एक अन्य शामिल हैं !
सीबीआई ने दो अर्जी की थी दाखिल
मंगलवार को ही सीबीआई ने विशेष अदालत में दो अर्जी दाखिल की थी | एक अर्जी पेपर लीक मामले में जेल में बंद आरोपियों की पेशी के लिए थी, जबकि दूसरी अर्जी जेल में बंद आरोपियों से पूछताछ के लिए पुलिस रिमांड की थी | मामले की सुनवाई करते हुए विशेष अदालत ने दोनों आरोपियों की रिमांड सीबीआई को सौंप दी है | बताते चलें कि इस मामले में अब तक 13 को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है |
