पटना: बिहार के सीवान गंडकी नदी पर बने पुल का एक पिलर नदी में गिर गया है | यह पुल दारौंदा प्रखंड अंतर्गत देवरिया और भीखा बांध गांव की सीमा पर स्थित है | बता दें कि पुल की जर्जर स्थिति को लेकर ग्रामीणों ने 22 जून को विरोध प्रदर्शन भी किया था | जिसके बाद प्रशासन इसका मरम्मत का काम करवा रहा था |
इसके बावजूद बुधवार 03 जुलाई की सुबह करीब 5 बजे पुल का एक पिलर नदी में गिर गया | जिसके कारण एक दर्जन से अधिक गांवों के लोगों का महाराजगंज मुख्यालय से संपर्क टूट गया है | 22 जून को गरौली में इसी नदी पर बना पुल गिर गया था | तब जिला प्रशासन गंडक विभाग और पथ निर्माण विभाग से सभी पुलों का सर्वे करवा रहा था | यह पुल गरौली से महज 4 किलोमीटर की दूरी पर स्थित है |
ग्रामीणों का कहना है कि कल भारी बारिश के कारण जलस्तर बढ़ गया था और पानी का बहाव भी तेज हो गया था | जिसके कारण आज पुल गिर गया है | ग्रामीणों ने कहा कि शिकायत के बावजूद प्रशासन ने इस ओर कोई ध्यान नहीं दिया | ग्रामीणों ने आरोप लगाते हुए कहा कि गंडक विभाग द्वारा नहर की सफाई कराई गई थी | इस दौरान मानकों का ध्यान रखे बिना जेसीबी से नहर के किनारे से मिट्टी काट दी गई | जिससे पिलर के किनारे से भी मिट्टी हट गई और पुल टूट गया !
