Bokaro : बोकारो स्टील प्लांट में काम करने वाले एक कर्मचारी सोमवार शाम से लापता हैं। कर्मचारी की पहचान 50 वर्षीय उमाशंकर पांडेय बताई जा रही है। मिली जानकारी के अनुसार उमाशंकर की स्कूटी प्लांट के कूलिंग पॉन्ड के पास लावारिस हालत में पाई गई, जिससे उन्हें पॉन्ड में डूबने की आशंका जताई जा रही है।
सूचना मिलने के बाद हरला थाना पुलिस मौके पर पहुंची और इलाके की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने स्कूटी को अपने कब्जे में लेकर थाने ले गई और संबंधित तथ्यों की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने बताया कि अधिक अंधेरा होने के कारण तलाशी अभियान रोक दिया गया और आज यानी मंगलवार सुबह गोताखोरों की मदद से व्यापक खोज अभियान चलाया जाएगा।
परिजनों ने बताया कि उमाशंकर शाम को स्कूटी लेकर घर से निकले थे और मोबाइल घर पर ही छोड़ आए थे। देर तक लौटने पर परिजन चिंतित हो गए। इसी बीच एक अज्ञात युवक का फोन आया, जिसने बताया कि उसे कूलिंग पॉन्ड के पास एक स्कूटी मिली और कुछ लोगों ने वहां स्कूटी सवार व्यक्ति को पानी में डूबते देखा।
