मोजाम्बीक: ईस्ट अफ्रीकी देश मोजाम्बीक में रविवार देर रात एक नाव समुद्र में डूब गई | जिसमें सवार 91 लोगों की मौत हो गई, इनमें कई बच्चे भी शामिल हैं | मृतकों का आंकड़ा बढ़ने की भी आशंका जताई जा रही है | जानकारी के मुताबिक मछली पकड़ने वाली नाव पर 130 लोग सवार थे, जो इसकी क्षमता से ज्यादा थे | नाव पर क्षमता से ज्यादा सवारी होने के कारण यह पलट गई | वहीं 5 लोगों को बचाया जा सका, जबकि कई लापता हैं | जिनकी तलाश अभी जारी है | लोकल मीडिया रेडियो मोजाम्बीक के मुताबिक, नाव नामपुला प्रांत स्थित मोजाम्बीक आईलैंड के पास समुद्र में डूबी | नामपुला के सेक्रेटरी जैमे नेटो ने बताया कि हैजा की बीमारी से बचने के लिए सभी पलायन कर रहे थे | इस पर सवार सभी लोग मोसुरिल से निकलकर मोजाम्बीक आईलैंड जा रहे थे | सोशल मीडिया पर घटना से जुड़े वीडियो वायरल हो रहे हैं, इनमें लोगों को रेस्क्यू करते और समुद्र के किनारे कई लाशों को देखा जा सकता है |
मोजाम्बीक में 15 महीने में हैजा के 13 हजार से ज्यादा केस सामने आए
हैजा बीमारी जनवरी 2023 से अफ्रीका के कई देशों में फैली गई है | मोजाम्बीक का नामपुला प्रांत इससे सबसे ज्यादा प्रभावित प्रांतों में से एक है | बता दें कि हैजा फैलने का मुख्य कारण दूषित खाना और पानी है | इसमें उल्टी-दस्त की समस्या होती है, जिससे डिहाइड्रेशन की स्थिति पैदा हो जाती है और समय पर इलाज न हो तो कुछ ही घंटों में मौत भी हो सकती है | UNICEF के मुताबिक, मौजूदा प्रकोप 25 साल का सबसे खतरनाक है | अक्टूबर 2023 से अब तक मोजाम्बीक में हैजा के 13,700 मामले सामने आए हैं | जिसमें 30 लोगों की मौत हुई है. लगभग 400 साल तक, मोजाम्बीक द्वीप पुर्तगाली पूर्वी अफ्रीका की राजधानी रहा | यह द्वीप अपने कोलोनियल आर्किटेक्चर के लिए UNESCO की विश्व धरोहर स्थलों की लिस्ट में शामिल किया गया है |
