
Giridih : जमुआ से तमिलनाडु CID की बड़ी कार्रवाई, करोड़ों के कथित घोटाले का फरार आरोपी गिरफ्तार
गिरिडीह जिले के जमुआ थाना क्षेत्र से तमिलनाडु CID की टीम ने करोड़ों रुपये के कथित वित्तीय घोटाले के आरोपी गुलशन दराद को गिरफ्तार किया है। आरोपी लंबे समय से फरार चल रहा था। CID टीम ने मिर्जागंज स्थित उसके आवास पर छापेमारी कर उसे हिरासत में लिया और बाद में ट्रांजिट रिमांड पर कोयंबटूर (तमिलनाडु) ले जाया गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, गुलशन दराद और उसके 5–6 सहयोगियों के खिलाफ तमिलनाडु के कोयंबटूर जिले में बड़े पैमाने पर वित्तीय घोटाले का मामला दर्ज है। बताया जा रहा है कि गुलशन वहां एक टूरिज्म कंपनी का संचालन करता था। जनवरी 2026 में मामला दर्ज होने के बाद से ही वह फरार था।
लंबे समय से चल रही थी तलाश
घोटाले के इस आरोपी की गिरफ्तारी के लिए तमिलनाडु पुलिस काफी समय से प्रयासरत थी। इसी क्रम में मंगलवार को CID की टीम गिरिडीह पहुंची और जमुआ थाना क्षेत्र में कार्रवाई की। CID ने स्थानीय पुलिस को जानकारी दी कि गुलशन समेत उसके आधा दर्जन सहयोगियों के खिलाफ कृष्णागिरी (तमिलनाडु) में मामला दर्ज है। इस कार्रवाई की सूचना गिरिडीह एसपी डॉ. बिमल कुमार को भी दी गई।
जमुआ पुलिस के सहयोग से हुई गिरफ्तारी
एसपी के निर्देश पर जमुआ थाना प्रभारी विभूति देव के नेतृत्व में स्थानीय पुलिस ने तमिलनाडु CID की टीम के साथ संयुक्त कार्रवाई करते हुए गुलशन दराद को उसके घर से गिरफ्तार किया। वहीं, आरोपी के परिजनों का कहना है कि गुलशन लंबे समय से पर्यटन व्यवसाय से जुड़ा रहा है और उसे साजिश के तहत फंसाया जा रहा है।
CID ने शुरू की गहन जांच
गिरफ्तारी के बाद तमिलनाडु CID आरोपी को अपने साथ कोयंबटूर ले गई है, जहां मामले की विस्तृत जांच की जा रही है। जमुआ थाना प्रभारी विभूति देव ने गिरफ्तारी की पुष्टि करते हुए बताया कि आरोपी पर कोयंबटूर में बड़ी रकम के घोटाले का आरोप है। फिलहाल CID पूरे मामले की गहराई से जांच में जुटी हुई है।
