गिरिडीह में एसीबी की बड़ी कार्रवाई, टाटा मोटर्स मोटोजेन शोरूम सील l

Spread the love

Giridih : गिरिडीह के बोड़ो इलाके में स्थित टाटा मोटर्स मोटोजेन शोरूम को एसीबी की टीम ने बुधवार को सील कर दिया। अचानक हुई इस कार्रवाई से गिरिडीह समेत आसपास के क्षेत्रों में हड़कंप मच गया। लोगों के बीच पूरे दिन इस मामले को लेकर चर्चा होती रही। यह कार्रवाई आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने के गंभीर मामले में निलंबित आईएएस अधिकारी विनय कुमार चौबे, उनके करीबी विनय सिंह और रिश्तेदारों एवं सहयोगियों के खिलाफ चल रही जांच के तहत की गई है।

स्थानीय पुलिस के सहयोग से हुई कार्रवाई ,

जानकारी के अनुसार, एसीबी की टीम स्थानीय पुलिस के सहयोग से बोड़ो स्थित शोरूम पहुंची। टीम ने पहले शोरूम से जुड़े सभी जरूरी पहलुओं की जांच की और इसके बाद शोरूम को सील कर दिया। कार्रवाई के दौरान शोरूम के संचालन से जुड़े कर्मचारियों और प्रबंधन से भी पूछताछ की गई।

स्निग्धा सिंह के नियंत्रण में संचालन की जानकारी ,

सूत्रों के अनुसार, यह शोरूम स्निग्धा सिंह के नियंत्रण में संचालित हो रहा था। एसीबी इस पहलू की भी जांच कर रही है कि शोरूम के संचालन और निवेश में किन-किन लोगों की भूमिका रही है।

वित्तीय दस्तावेजों की गहन जांच ,

एसीबी अधिकारियों ने शोरूम से जुड़े वित्तीय लेन-देन, आयकर रिटर्न, निवेश से संबंधित दस्तावेज और अन्य महत्वपूर्ण कागजात की बारीकी से जांच की। जांच का मकसद यह पता लगाना है कि शोरूम में लगाया गया पैसा किस स्रोत से आया और कहीं यह अवैध संपत्ति से तो नहीं जुड़ा है।

जांच जारी, और खुलासों की संभावना ,

एसीबी अधिकारियों का कहना है कि जांच अभी जारी है और आगे और भी ठोस कदम उठाए जा सकते हैं। मामले में नए खुलासे होने की भी संभावना जताई जा रही है। कार्रवाई के बाद से संबंधित लोगों में बेचैनी देखी जा रही है, वहीं आम लोग इस पूरे मामले पर एसीबी की आगे की कार्रवाई का इंतजार कर रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *