प्रेस विज्ञप्ति | रांची
AIMIM का उग्र प्रदर्शन: मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का पुतला फूंका गया, माफी की मांग तेज
रांची:
बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नियुक्ति पत्र वितरण कार्यक्रम के दौरान मुस्लिम महिला डॉक्टर के हिजाब के साथ की गई बदसलूकी के विरोध में राजधानी रांची के मांडर प्रखंड क्षेत्र में AIMIM ने उग्र विरोध प्रदर्शन किया। ग्राम ब्राम्बे स्थित हाजी इमाम अली चौक पर AIMIM के नेतृत्व में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का पुतला फूंका गया, जिससे पूरे इलाके में भारी रोष देखने को मिला।

इस दौरान AIMIM के जिला उपाध्यक्ष शारिब इमाम, मांडर प्रखंड अध्यक्ष तबरेज अंसारी एवं ब्राम्बे पंचायत के उप मुखिया मोईन अंसारी सहित बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता और स्थानीय लोग मौजूद रहे। प्रदर्शनकारियों ने नारेबाजी करते हुए इस घटना को मुस्लिम महिलाओं की इज्जत, धार्मिक स्वतंत्रता और संविधान पर सीधा हमला बताया।
AIMIM नेताओं ने कहा कि जब एक मुख्यमंत्री के कार्यक्रम में इस तरह की शर्मनाक हरकत होती है और उस पर कोई तत्काल कार्रवाई नहीं होती, तो यह नफरत फैलाने वाले तत्वों को खुला संरक्षण देने जैसा है। इसी आक्रोश के प्रतीक स्वरूप AIMIM ने मुख्यमंत्री का पुतला फूंका, ताकि सरकार तक यह साफ संदेश पहुंचे कि मुस्लिम समाज इस अपमान को किसी भी सूरत में स्वीकार नहीं करेगा।
AIMIM ने स्पष्ट मांग की कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार इस घटना पर सार्वजनिक रूप से माफी मांगें और दोषियों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करें। पार्टी ने चेतावनी दी कि यदि माफी और कार्रवाई नहीं हुई, तो AIMIM राज्य से लेकर राष्ट्रीय स्तर तक आंदोलन को और तेज करेगी।
“पुतला दहन सिर्फ विरोध नहीं, बल्कि सत्ता को जगाने की चेतावनी है—हिजाब पर हाथ डालना हमारी बहनों की इज्जत पर हाथ डालने के बराबर है, और AIMIM इसे बर्दाश्त नहीं करेगी।”
— जारीकर्ता
AIMIM, रांची
