नई दिल्ली: यूपी के बहराइच जिले में अवैध निर्माण पर बुलडोजर की कार्रवाई की जा रही है | कार्रवाई शुरू होने से पहले ही लोग अपनी दुकानों और घरों को खाली कर रहे हैं | इस कार्रवाई में जिले के सराय जगना (वजीरगंज बाजार) में स्थित करीब 23 अवैध भवनों-दुकानों को ध्वस्त किया जाएगा | बता दें कि ये भवन सरकारी जमीन पर अवैध रूप से बनाए गए हैं | |स्थानीय प्रशासन ने कब्जाधारियों को नोटिस जारी किया था, मुनादी भी कराई गई थी, लेकिन उन्होंने कब्जा नहीं छोड़ा. हाईकोर्ट के आदेश के बाद अब ध्वस्तीकरण किया जा रहा है | बता दें कि हाईकोर्ट ने 23 मई, 2023 को ही अतिक्रमण हटाने का आदेश दिया था | मगर नोटिस के बाद भी लोगों ने अतिक्रमण नहीं हटाया | जिसके बाद याचिकाकर्ता ने राजस्व अधिकारियों के खिलाफ अवमानना याचिका दायर कर दी | ऐसे में आज अतिक्रमण के खिलाफ प्रशासन द्वारा बुलडोजर की कार्रवाई शुरू की जा रही | इसके लिए सुबह से ही इलाके में भारी पुलिस बल लगा दिया गया है |
निवासियों ने क्या कुछ कहा
उधर, इलाके के निवासियों ने कहा कि हम यहां पिछले 50 साल से रह रहे हैं | अभी तक कोई क्यों नहीं बोला. यह सब केवल समुदाय विशेष को निशाना बनाने के लिए किया जा रहा है | यहां तो सरकारी योजना के भी मकान बने हैं | गरीब लोगों को परेशान किया जा रहा है |
जानकारी के मुताबिक, यहां करीब 23 भवनों पर बुलडोजर चलाया जाएगा | प्रशासन का कहना है कि ये सभी भवन अवैध हैं और सरकारी भूमि पर बने हुए हैं | इन 23 भवनों में से 8 से 9 दुकान हैं तो वहीं 4 छोटे और 4 बड़े मकान हैं | कुछ टीन शेड भी अतिक्रमण करके बनाए गए हैं |
फिलहाल, जिला प्रशासन ने कानून-व्यवस्था की संभावित स्थिति को देखते हुए पीएसी की एक प्लाटून मगाई है | इसके साथ ही कई थानों की फोर्स बुलाई गई है | इसमें महिला पुलिसकर्मी भी शामिल हैं |
इस बीच स्थानीय सपा विधायक आनंद यादव ने प्रभावित निवासियों के लिए जिला अधिकारी और अन्य अधिकारियों से राहत की मांग की है | हालांकि, आज अवैध निर्माण पर बुलडोजर की कार्रवाई होनी तय है | इसके लिए प्रशासन पूरी तरह से तैयार है |
प्रशासन के मुताबिक, खलिहान और सरकारी जमीन पर इन्होंने अवैध निर्माण कर रखा है | हाईकोर्ट के आदेश के बाद इसे खाली करवाया जा रहा है |