बोकारो : भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी ने बुधवार को बोकारो में विधानसभा स्तरीय कार्यकर्ता सम्मान समारोह को संबोधित किया | बाबूलाल ने कहा कि पार्टी का कार्यकर्ता ही साल में 365 दिन साधना और संघर्ष करता है | असली लड़ाई बूथ पर होती है | कार्यकर्ता ही बूथों पर जूझता है | कहा कि लोकसभा चुनाव में इंडी ठगबंधन ने भाजपा और एनडीए के खिलाफ दुष्प्रचार की पराकाष्ठा कर दी | संविधान बदलने, आरक्षण खत्म करने जैसी बातों का दुष्प्रचार किया, लेकिन कार्यकर्ताओं के अथक परिश्रम और जनता के आशीर्वाद से देश तीसरी बार मोदी सरकार बनाने का संकल्प पूरा हुआ | अब कार्यकर्ता राज्य को लूटने वाली सरकार को विदा करने का संकल्प लें |
झारखंड की जनता ने इंडी गठबंधन के खिलाफ दिया जनादेश
बाबूलाल ने कहा आजाद भारत में लगातार तीसरी बार प्रधानमंत्री बनने वाले पहले गैर कांग्रेसी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हैं | कांग्रेस और इंडी एलायंस के नेता इस बात को पचा नहीं पा रहे | कांग्रेस के युवराज इस बात को समझ नहीं कर पा रहे कि आखिर कैसे एक गरीब चाय वाले का बेटा भारत जैसे विशाल देश का तीसरी बार लगातार प्रधानमंत्री बन गया | यह कोई सामान्य घटना नहीं | झारखंड को भी देखें तो जनता ने राज्य के ठगबंधन के खिलाफ जनादेश दिया है | 9 संसदीय सीट पर एनडीए की जीत हुई | 81 लाख मत प्राप्त हुए | 50 से ज्यादा विधानसभा क्षेत्र में एनडीए गठबंधन आगे रहा | राज्य में सत्ताधारी गठबंधन के तत्कालीन मुख्यमंत्री सहित 7 मंत्री अपने-अपने विधानसभा क्षेत्र में इंडी एलायंस को जीत नही दिला सके | इंडी एलायंस को 66 लाख वोट ही प्राप्त हुए |
इंडी गठबंधन वालों ने राज्य को ठगा है
उन्होंने कहा कि इंडी ठगबंधन ने तो केवल राज्य को लूटा है. खान, खनिज, बालू, पत्थर सब लूट लिए. गरीबों के जमीन लूट लिए. युवाओं की नौकरियों लूट ली | जेपीएससी, जेएसएससी की एक भी परीक्षा इनके कार्यकाल में सफल नहीं हुई | सभी भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ी | प्रश्न पत्र लीक हुए | पद की लाखों में बोली लगाई गई | कहा इस सरकार ने सभी को ठगा है !
