रांची: झारखंड की राजधानी के ओरमांझी स्थित भगवान बिरसा मुंडा जैविक उद्यान में बाघिन के चार शावकों की मौत हो गई है | मिली जानकारी के अनुसार गौरी नामक बाघिन का 10 मई की रात पहला प्रसव हुआ था | उसने चार शावकों को जन्म दिया था | इसी बीच बाघिन के करवट बदलने की वजह से सभी शावक दब गए और मौत हो गई | बता दें कि शावकों के जन्म के बाद सीसीटीवी के जरिए पूरी मॉनिटरिंग की जा रही थी | इसके बावजूद नवजात शावकों को नहीं बचाया जा सका | बाद में चारों शावकों का पोस्टमार्टम करा कर शवदाहगृह में जला दिया गया | जानकारी के मुताबिक शक होने पर केज के अंदर जाकर बाघिन को बच्चों से अलग किया गया, तब तक तीन शावकों की मौत हो चुकी थी |
एक शावक की हालत गंभीर थी लेकिन उसे भी नहीं बचाया जा सका | चारों शावकों का जन्म मरने से तीन घंटे पहले ही हुआ था | इस संबंध में उद्यान निदेशक जबर सिंह ने बताया कि बाघिन ने पहली बार शावकों को जन्म दिया था | देखभाल का अनुभव न होने से वह शावकों पर सो गई | पोस्टमार्टम रिपोर्ट के अनुसार, मां का वजन पड़ने से शावकों का दम घुटा | उद्यान के पशु चिकित्सक डॉ. ओमप्रकाश साहू ने बताया कि 11 मई को कांके वेटरनरी कॉलेज के डॉ. एमके गुप्ता और उद्यान के डॉक्टरों ने शावकों का पोस्टमार्टम किया | फिर उद्यान में बने शवदाह गृह में अंतिम संस्कार किया गया |